-डीन से की मुलाकात, डेढ़ साल तक स्थानांतरण न होने का मिला आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर को नॉर्थ कैंपस से शिफ्ट किए जाने की आशंकाओं को लेकर छात्रों का विरोध शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को कैंपस लॉ सेंटर के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्र डीन से मुलाकात की मांग करने लगे। प्रदर्शन के बाद फैकल्टी ऑफ लॉ के डीन से छात्रों की मुलाकात हुई। छात्रों के अनुसार बैठक में डीन ने आश्वस्त किया कि कम से कम अगले डेढ़ वर्ष तक कैंपस लॉ सेंटर को उसके वर्तमान परिसर से कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
छात्रों के विरोध के बाद उन्हें स्पष्ट किया गया कि फिलहाल फैकल्टी ऑफ लॉ के अंतर्गत किसी भी संस्थान या केंद्र को नए निर्मित परिसरों में स्थानांतरित करने को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। छात्रों का कहना था कि पिछले कई सप्ताह से कैंपस शिफ्टिंग को लेकर अलग-अलग सूचनाएं सामने आ रही थीं, जिससे छात्रों के बीच असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था।
छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि कैंपस ऑफ लॉ सेंटर केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि देश में विधि शिक्षा की ऐतिहासिक पहचान है। नॉर्थ कैंपस में यह सेंटर छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। छात्रों ने मांग रखी कि भविष्य में किसी भी स्थानांतरण से जुड़े प्रस्तावों को आधिकारिक माध्यमों से समय रहते सार्वजनिक कर छात्रों शिक्षकों व अन्य हित धारकों से संवाद किया जाए।