रविवार को आयोजित राजस्व निरीक्षक परीक्षा में गुरुनानक कन्या इंटर कालेज में कुछ अभ्यर्थियों ने पेपर लीक होने शोर का मचाया। अभ्यर्थियों का आरोप था कि केंद्र के कक्ष नंबर 3 में एक छात्र पहली पाली में आंसरशीट लेकर बैठा था।
कक्ष निरीक्षक ने आंसरशीट को पकड़ा भी, मगर पेपर के साथ नत्थी करने की बजाय उन्होंने आंसरशीट फाड़कर फेंक दी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित कराई गई राजस्व निरीक्षक परीक्षा के लिए प्रशासन ने कडे इंतजाम किए थे।
दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए गाजियाबाद में कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। करीब 45500 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, मगर करीब 25 हजार अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
दूसरी पाली की परीक्षा देने के बाद लोहियानगर स्थित गुरुनानक कन्या इंटर कालेज में अभ्यर्थियों ने यह कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि पेपर पहले ही आउट हो चुका था।
सुबह की पाली में एक अभ्यर्थी पहले से ही सॉल्व की गई आंसरशीट के साथ बैठा हुआ था। कक्ष निरीक्षक ने आंसरशीट को पकड़ा, मगर उसे नत्थी करने की बजाय न केवल सॉल्व आंसरशीट को फाड़कर फेंक दिया, बल्कि उस अभ्यर्थी के खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं की।
शिकायत करने वालों में बुलंदशहर निवासीपुष्पेंद्र, मिथलेश, अजय व अंकित का कहना था कि नियमानुसार उस पेपर को अभ्यर्थी की आंसरशीट के साथ नत्थी किया जाना चाहिए था। उस समय उन्होंने बहिष्कार इसलिए नहीं किया, क्योंकि उनका पेपर छूटने का डर था।
गुस्साए अभ्यर्थियों ने दी तहरीर
गुरुनानक इंटर कॉलेज में हंगामा करने वाले अभ्यर्थियों ने पेपर लीक की शिकायत को लेकर लोहियानगर चौकी प्रभारी को तहरीर दी। अभ्यर्थियों ने दोषियों के खिलाफ जांच कराकर जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। उधर सिहानी गेट कोतवाली प्रभारी अशोक सिसोदिया के अनुसार इस मामले में अभी कोई शिकायत नहीं आई है।
परीक्षा में 20 हजार से अधिक छात्रों ने मारा बंक
रविवार को आयोजित हुए राजस्व निरीक्षक परीक्षा में 20800 छात्रों ने बंक मारा। जनपद के 93केंद्रों पर कुल 45500 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से दोनों पालियों में 24700 छात्र ही परीक्षा देनें पहुंचे। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने कहा कि प्रश्नपत्र सामान्य रहा। तैयारी करके आने वाले छात्रों ने प्रश्नपत्र मुश्किल नहीं था।