जिले के कुछ अफसरों की शह पर नोएडा में प्राइम लोकेशन की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। एक व्यक्ति ने अमर उजला को गुमनाम पत्र भेजकर यह शिकायत की है।
इस पत्र की कॉपी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, एनजीटी, डीजीपी, डीएम और एसडीएम के अलावा सपा के आला कमान को भी भेजी गई है। आरोप है कि नोएडा के सेक्टर-121 और 122 के पास नलकूप है और वहीं पर करीब 5 हजार वर्गमीटर जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। जिसमें प्राधिकरण और पुलिस के अफसर भी शामिल हैं।
इसके अलावा नलकूप नंबर एक के पास ही ग्रीन बेल्ट की जमीन है जिसे कुछ भूमाफिया केमिकल से पेड़ों को सुखा रहे हैं और सूख जाने पर उन्हें कटवा देते हैं जिससे भविष्य में उक्त जमीन को कब्जाया जा सके। यहां से एफएनजी के बीच एक और जमीन को कब्जाने का माफिया साजिश कर रहे हैं लेकिन प्राधिकरण अफसर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।