सेवायोजन कार्यालय में बनने वाले मॉडल करियर सेंटर का निर्माण कार्य फरवरी के अंत तक शुरू हो जाएगा। प्रदेश में लखनऊ के बाद गाजियाबाद में बनने वाले मॉडल करियर सेंटर के लिए 28.20 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है।
60 फीसदी बजट आने से मेयर उपचुनाव के बाद सिविल और इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य के लिए डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी शशिभूषण उपाध्याय ने बताया कि मॉडल करियर सेंटर का निर्माण कार्य पूरा होने से युवाओं और बेरोजगार अभ्यर्थियों को एक जगह ही काउंसलिंग, करियर गाइडेंस, प्रशिक्षण सहित करियर संबंधी ऑनलाइन सहायता मिले सकेंगी।
अभ्यर्थियों को सभी सेवाएं नेशनल करियर सर्विसेज के मार्गदर्शन में प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि फंड आने के बाद मार्च तक निर्माण पूरा करा लिया जाएगा। अप्रैल से सेंटर विधिवत कार्य करने लगेगा।
केंद्र सरकार की योजना के तहत तैयार हो रहे मॉडल करियर सेंटर में अभ्यर्थियों और युवाओं को आईटी लैब, हेल्प डेस्क, काउंसलिंग-काउंसलर रूम, ट्रेनिंग रूम, मैनेजर कक्ष आदि की व्यवस्था होगी। सेंटर सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।