जिस तरह से किसी खास ट्रेन का रनिंग स्टेटस जानने के लिए ऐप का सहारा लेते हुए यह पता लगा लिया जाता है कि अमुक ट्रेन कौन से स्टेशन तक पहुंची है और कब तक एक खास स्टेशन तक आने की संभावना है।
इसी तरह से एनएमआरसी की सिटी बसों का भी लाइव रनिंग स्टेटस पता चल पाएगा। इसके लिए एनएमआरसी मोबाइल ऐप बनवाएगा। ऐप में बसों का रूट और सभी बसों की जानकारी उनके नंबर के सहित फीड होगी।
बसों के एक खास स्टॉपेज से चलते हुए अलग-अलग स्टॉपेज पर पहुंचने का समय सहित अंतिम स्टॉपेज तक पहुंचने की जानकारी मिलेगी। उदाहरण के लिए बॉटनिक गार्डन से ग्रेनो प्राधिकरण तक चलने वाली रूट नंबर 103 (बी) प्लस अगर बॉटनिक गार्डन बस डिपो से 5.10 मिनट शाम को खुली है और एक यात्री सेक्टर-129 के वाजिदपुर के पास इस बस के इंतजार में खड़ा है तो वह ऐप के जरिये बस का लाइव रनिंग स्टेटस पता कर सकता है।
ऐप से यह पता चल जाएगा कि बस कौन से स्टॉपेज को पार कर रही है और उसे यहां आने में कितनी देर लगेगी। इसके लिए सभी बसों को जीपीएस से कनेक्ट करके ऐप से जोड़ा जाएगा, ताकि उक्त बसों की लोकेशन पता चल सके।
हालांकि यह दूसरे चरण में होगा। प्रथम चरण में ऐप में आधारभूत जानकारी मुहैया कराई जाएगी। सिटी बस के अधिकारियों के मुताबिक पहले चरण में मोबाइल ऐप में बसों का टाइम टेबल फीड किया जाएगा। इसके अलावा कौन सी बस किस रूट पर दौड़ रही है इसकी जानकारी होगी। पहले चरण में केवल पहले और अंतिम स्टॉपेज की टाइमिंग ही लोगों को देखने को मिलेगी।