कनॉट प्लेस से नारे लगाते झंडे लिए नेता-कार्यकर्ता रामलीला मैदान तक पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को इंडिया गठबंधन ने कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला। मार्च दोपहर 12 बजे प्रस्तावित था, लेकिन इसमें शामिल होने के लिए सुबह करीब नौ बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। समय बढ़ने के साथ मिंटो रोड जंक्शन के पास भीड़ बढ़ती गई। दोपहर करीब 12:30 बजे गठबंधन के नेताओं की अगुवाई में मार्च शुरू हुआ।
मार्च कनॉट प्लेस से मिंटो ब्रिज और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचा, जहां महारैली आयोजित की गई थी। इस दौरान कार्यकर्ता नारे लगाते हुए आगे बढ़े। अलग-अलग दलों के झंडे और बैनर एक साथ दिखाई दिए। मार्च में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी और केसी वेणुगोपाल समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
अलग-अलग इलाकों से पहुंचे लोग
मार्च के दौरान रास्ते में कई जगह कार्यकर्ताओं के समूह नजर आए। दिल्ली के विभिन्न इलाकों से भी लोग मार्च निकालकर रामलीला मैदान पहुंचे। कुछ कार्यकर्ता मुख्य मार्च के साथ चलते रहे, जबकि कई सीधे महारैली में शामिल होने के लिए मैदान पहुंचे।
पुलिस ने किए सुरक्षा इंतजाम
भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मिंटो ब्रिज के पास दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बैरिकेडिंग की। मौके पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। रामलीला मैदान के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था की गई।