टेलीकॉम इंजीनियर की हरकत ने दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर दिया। उसने दोस्त की पत्नी को फ्लैट में अकेला पाकर छेड़छाड़ की। महिला ने खुद को बचाकर कमरे में बंद कर लिया और शोर मचाया।
शोर मचने पर पकड़े जाने के डर से वह भाग गया। टेलीकॉम इंजीनियर के खिलाफ एचआर मैनेजर दोस्त ने थाना इंदिरापुरम में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गुड़गांव स्थित मल्टीनेशनल कंपनी में एचआर मैनेजर वसुंधरा सेक्टर-5 स्थित एक सोसायटी में रहते हैं। पत्नी और मां साथ रहती हैं। शुक्रवार सुबह वह आफिस गए थे।
तभी उनके दोस्त नीरज पंवार निवासी रिचमंड पार्क वैशाली सेक्टर-6 का फोन आया। नीरज ने कहा कि गांव से गन्ने आए हैं। उसने गन्ने घर पहुंचाने की बात कहकर फोन काट दिया।
कुछ देर बाद नीरज दोस्त के फ्लैट पर पहुंचा। उस वक्त एचआर मैनेजर की पत्नी किचन में काम कर रही थी और मां बाथरूम में थीं। नीरज ने गन्ने किचन में रखे और दोस्त की पत्नी के पास आकर खड़ा हो गया। वह उससे अश्लील बातें करने लगा और छूने की कोशिश की।
महिला ने विरोध किया तो नीरज ने उन्हें पकड़ लिया। इस पर महिला धक्का देकर शोर मचाते हुए अपने कमरे की ओर भागी। खुद को कमरे में बंदकर पति को फोन किया। इतने में उनकी सास भी बाथरूम से निकर्ल आइं। शोर मचने और सास को देखकर नीरज भाग खड़ा हुआ।
एचआर मैनेजर घर पहुंचे और थाना इंदिरापुरम में नीरज पंवार के खिलाफ शिकायत दी। एसओ हरिदयाल ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की तलाश की जा रही है।