दूसरे चरण के पंचायती चुनाव में गुड़गांव जिले के ब्लॉक फर्रुखनगर और पटौदी में लोगों ने युवा उम्मीदवारों को तवज्जो देेते हुए सरपंची की चौधर सौंपी है।
इन दोनों ब्लॉकों की 125 पंचायतों में चुने गए सरपंचों की औसत आयु 39 वर्ष है। इससे यह भी साफ हो गया है कि बुजुर्गों की जगह अब पढ़े- लिखे सरपंचों के साथ नई युवा पीढ़ी को आगे आने का मौका दिया गया है।
इन पंचायतों में युवाओं के हाथों में पंचायत की बागडोर आने के पीछे लोगों का मानना है कि युवा सरपंच अपनी नई सोच के साथ गांवों का विकास कराएंगे। आज के समय के हिसाब से जरूरतों पर अधिक ध्यान देंगे।
दूसरे चरण में फर्रुखनगर की 50 और पटौदी में 75 पंचायतों के चुनाव संपन्न हुए। फर्रुखनगर में जहां 29 पुरुष और 21 महिलाओं को सरपंची सौंपी गई। वहीं, पटौदी ब्लॉक में 42 पुरुषों और 33 महिलाओं को सरपंची की चौधर मिली।
चुनाव में मिली जीत के बाद यह साफ हो गया है कि सरपंची में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। कुल 125 पंचायतों में से 54 पंचायतों पर महिलाओं ने कब्जा किया है। शिक्षा के स्तर पर गौर करें तो सरपंच पद के लिए 8वीं व 10वीं पास शिक्षा कम से कम तय की गई थी।
8वीं कक्षा पास कुल 22 लोग सरपंच बने, जिनमें फर्रुखनगर में 10 व पटौदी में 12 ने जीत दर्ज कराई। इसी के साथ 12वीं कक्षा पास क्रमश: 28 और 49 को चौधर मिली।
इसके अलावा स्नातक व इससे ऊपर की कक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों में क्रमश: सात-सात उम्मीदवारों को सरपंच बनने का मौका मिला है। यदि आंकडों पर गौर किया जाए तो 12वीं व स्नातक कक्षा पास उम्मीदवारों पर भरोसा करते हुए लोगों ने आगे बढ़ने का मौका दिया है।
शिक्षा की स्थिति
ब्लॉक 8वीं 10वीं 12वीं स्नातक
फर्रुखनगर 10 28 07 05
पटौदी 12 49 07 07
किसकी कितनी भागीदारी
ब्लॉक एससी बीसी व ओबीसी जनरल व अन्य
फर्रुखनगर 10 19 21
पटौदी 15 22 38