घोटाले में फंसे दस हजार ऑटो परमिट जारी करने के लिए दिल्ली परिवहन विभाग फिर से फ्रेश आवेदन मांगेगा। पुराने आवेदनों को विभाग निरस्त करेगा। परिवहन विभाग की ऑटो परमिट जारी करने की नई प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
सूत्रों की मानें तो इस बार आवेदकों से आवेदन ऑनलाइन मंगाए जा सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। दिल्ली परिवहन विभाग ने आरक्षित कोटे के दस हजार आवेदनों को सामान्य वर्ग में बांटने के लिए आवेदन मंगाए थे।
उन आवेदनों पर बीते साल दिसंबर में परमिट बांटने का काम भी शुरू हो गया था। मगर इस दौरान इसमें घोटाले की बात सामने आई कि जो लोग परमिट ले रहे हैं वे बताए पते पर रहते ही नहीं।