आवास विकास परिषद द्वारा सिद्धार्थ विहार योजना का ले-आउट एक बार फिर बदला जा रहा है। जल निगम की चिट्ठी पर आवास विकास परिषद ने प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से एक नई सड़क बनाने का आश्वासन दिया है।
हालांकि जल निगम को परिषद के नए ले-आउट का इंतजार है। लगातार बदलते सिद्धार्थ विहार के ले-आउट में आवास विकास परिषद अधिकारी गंगाजल प्लांट को जा रही सड़क का प्लान बनाना ही भूल गए थे।
इससे परेशान जल निगम ने आविप को 20 दिन पहले चिट्ठी लिखकर सड़क नहीं होने से प्लांट ऑपरेशन में होने वाली समस्या का जिक्र किया था।
मामले को संज्ञान में लेकर आविप के आला अधिकारियों ने दोबारा ले-आउट बदलने का निर्णय लिया। जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके अग्रवाल ने बताया कि आविप के एसई से बात हुई है। उन्होंने ले-आउट में बदलाव की बात कही है। विभाग की ओर से लिखित सहमति का इंतजार किया जा रहा है।
आविप के अधिशासी अभियंता एससी राय ने बताया कि ले-आउट की जांच की जा रही है। चुनाव आचार संहिता के बाद इसमें परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होगी।