परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा के संचालन के लिए गाइडलाइन जारी कर दी हैं। केंद्र के मोटर व्हीकल में शामिल करने के बाद ई-रिक्शा को जनवरी से विधिवत शुरू करने वाला यूपी पहला राज्य होगा।
ई-रिक्शा के संचालन के लिए अब इसका विधिवत पंजीकरण होगा। रूट परमिट जारी होने के साथ ही इनकी फिटनेस की जाएगी। चार सीट तक के ई-रिक्शा के संचालन को ही इस श्रेणी में शामिल किया गया है।
यूपी में ई-रिक्शा भी अब सिटी आटो की तरह दौड़ेंगे। शनिवार को अपर परिवहन आयुक्त डा. राजेंद्र प्रसाद ने इसकी गाइडलाइन जारी कर दीं।
गाइडलाइन के अनुसार चार सीट तक के ई-रिक्शा का पंजीकरण करने के लिए ई-रिक्शा खरीदने वाले को डूडा, सूडा और नगर निकाय आदेश जारी करेंगे। पंजीकरण का फार्म इनके हस्ताक्षर से ही जारी होगा।
इसके बाद ई-रिक्शा का पंजीकरण कर इनको सिटी आटो की तर्ज पर वाहन नंबर जारी कर दिया जाएगा। इनको चलाने के लिए डीएल जारी किए जाएंगे। यह भी निकाय सीमा में ही चलाए जा सकेंगे।