शहर में मंगलवार को मौसम एक बार फिर से लोगों के लिए मुसीबत बना। आलम यह रहा कि सुबह पांच बजे तीन मीटर की दूरी पर भी कुछ नहीं दिख रहा था।
एक तरफ कोहरा तो दूसरी तरफ सर्द हवाओं ने परेशानी बढ़ा दी। ठंड और कोहरे के कारण हाइवे पर बाइक सवारों की संख्या अप्रत्याशित रूप से काफी कम हो गई।
गुड़गांव में पिछले कुछ समय से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मगर मंगलवार को कोहरे ने कुछ ज्यादा ही परेशानी खड़ी कर दी। दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का बुरा हाल रहा।
वाहन रेंग-रेंग कर चलने को मजबूर हुए। सुबह पांच बजे से लेकर 9:30 बजे तक वाहनों की भीड़ लगी रही। मगर कोहरे ने वाहनों की चाल पर जोरदार ब्रेक लगा दिया था।
मानेसर की एक कंपनी में अधिकारी व्योमेश मनचंदा ने बताया कि उनका रोज दिल्ली आना-जाना होता है। कोहरे से काफी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि रोजाना की अपेक्षा कंपनी पौने घंटा देरी से पहुंचे।
सिर्फ वही नहीं, हजारों लोग अपने काम पर देरी से पहुंचे। वहीं हाइवे पर रोजाना बाइक सवारों की अच्छी खासी आवाजाही रहती है। मगर मंगलवार की सुबह बाइक सवारों की संख्या काफी कम दिखी।
गुड़गांव का अधिकतम तापमान अपराह्न तीन बजे तक 20 और न्यूनतम 06 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को भी दिन भर कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।