दिल्ली कैबिनेट ने बुधवार को न्यूनतम मजदूरी पर मुहर लगा दी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये वृद्धि (50 फीसदी से ज्यादा) अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है।
इससे गरीबों की जेब में पैसा जाएगा व अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने विरोध कर रहे व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों से कहा है कि शुरुआत में थोड़ा बोझ पड़ सकता है लेकिन लंबे समय में इसका फायदा मिलेगा।
न्यूनतम मजदूरी अब 14052 रुपये से 17033 रुपये के बीच हो जाएगी। इसे लागू करने को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि अधिसूचना लागू होते ही सरकारी संस्थान, एजेंसी और नियोजित सेक्टर में लागू हो जाएगा।
छोटे व्यापारियों या उद्योगों के लिए एनफोर्समेंट बढ़ाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि न्यूनतम मजदूरी वृद्धि के लिए 4 अगस्त को कमेटी की रिपोर्ट आई थी।
एक तरफ 200 रुपये किलो दाल बिक रही है तो दूसरी तरफ गरीबों के पास पैसे नहीं हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि सबसे गरीब आदमी का ध्यान रखे।
जानिए वृद्धि के बाद क्या होगी अभी न्यूनतम मजदूरी
arvind kejriwal
अभी तक सरकार ऐसे मॉडल पर चल रही थी कि अमीर और अमीर होता जा रहा है। ये मॉडल फेल हो रहा है क्योंकि गरीबों के पास पैसा नहीं पहुंच रहा है।
केजरीवाल ने कहा सरकार वोट तो गरीबों से लेती है लेकिन नीति अमीरों के लिए बनाती है। गरीबों को तरह-तरह से बेवकूफ बनाया जाता है। न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने से गरीबों की जेब में पैसा आएगा, बाजार में खर्च करेंगे जिससे अर्थव्यवस्था बढ़ेगी।
अभी बाजार ठप पड़े हैं क्योंकि इनके पास सामान खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि पूरे देश में दिल्ली की तरह न्यूनतम मजदूरी लागू करें। देश की बाकी सरकारों को भी चाहिए कि न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि करें।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि अभी 15 हजार रुपये से अधिक वेतन पर ईएसआई और पीएफ नहीं मिलता है। लेकिन बोनस की योग्यता 21 हजार रुपये मासिक वेतन तक है।
दिल्ली सरकार केंद्र सरकार से आग्रह करेगी कि ईएसआई और पीएफ मिलने की योग्यता भी 21 हजार रुपये तक करें। ताकि मजदूरों के साथ ऐसा न हो कि एक तरफ वेतन बढ़े और दूसरी तरफ ईएसआई और पीएफ की सुविधा छिन जाए।
अभी क्या है न्यूनतम मजदूरी, वृद्धि के बाद
श्रेणी वर्तमान वृद्धि के बाद
अकुशल 9568 14052
अर्धकुशल 10,582 15,471
कुशल 11,622 17,033