- श्री सिद्धेश्वर रामलीला कमेटी करेगी अंतिम दृश्य का मंचन, 55 फुट का रावण दहन के लिए किया गया तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दशहरा पर्व के अवसर पर मंगलवार शाम रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के दहन की तैयारी पूरी हो गई है। शहर में दशहरा मेला कमेटी, रामलीला कमेटियों, सोसाइटियों और मुहल्लों में पुतले जलाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम गोशाला मैदान में आयोजित होगा।
गोशाला मैदान में श्रीसिद्धेश्वर रामलीला कमेटी की रामलीला चल रही है। रामलीला प्रबंधन कमेटी के अचल मंगला ने बताया कि पुतला दहन से पहले राम रावण युद्ध और रावण मरण का अंतिम दृश्य दर्शाया जाएगा। दशहरा मेला कमेटी के अध्यक्ष दलीप साहनी ने बताया कि इस साल कई वर्षों बाद गोशाला मैदान में दशहरा मेला लगेगा। यहां 55 फुट ऊंचा रावण, 45 फुट का मेघनाद और 50 फुट का कुंभकरण तैयार किया गया है। कार्यक्रम शाम 6 बजे पुतला दहन के साथ शुरू होगा।
विभिन्न स्थानों पर होगा दहन
शहर में 50 से अधिक जगहों पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के बड़े पुतले दहन होंगे। इनमें लेजर वैली ग्राउंड, सेक्टर 21, मदनपुरी और सेक्टर 38 जैसे स्थान शामिल हैं। विभिन्न रामलीला कमेटियां मंगलवार को शोभायात्रा निकालेंगी। शोभायात्रा का समापन पुतला दहन कार्यक्रम से होगा। सोसाइटियों में औसतन 10 से 15 फुट ऊंचे पुतले जलाए जाएंगे।