संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। रोहिणी जिला पुलिस ने क्रेडिट कार्ड से 30 हजार रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिहार निवासी मोहम्मद आसिफ अहमद के रूप में हुई है। उसके पास से एक टैबलेट, एक मोबाइल फोन और वोटर आईडी कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, रोहिणी साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायतकर्ता ने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताकर उसके साथ धोखाधड़ी की। आरोपी ने एक फर्जी लिंक के जरिये शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 17,690 रुपये और 12,996 रुपये के दो अनधिकृत लेनदेन किए गए। इस तरह शिकायतकर्ता से कुल 30686 रुपये की ठगी की गई। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध लेनदेन सोने के आभूषण खरीदने के लिए किए गए थे। लेनदेन से जुड़े पैसों की जांच करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी मोहम्मद आसिफ अहमद को दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। ठगी की रकम का पता लगाने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।