दीपावली को देखते हुए जिला प्रशासन ने नगर निगम को शहर को साफ-सुथरा बनाने की हिदायत दी है। बृहस्पतिवार को जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपायुक्त डॉ. अमित अग्रवाल ने शहर को स्वच्छ बनाने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि जिस तरीके से त्योहार से पहले सभी लोग अपने घरों में साफ सफाई का काम करते हैं, उसी तरह से हमें भी शहर की साफ सफाई करनी है। मुख्य चौक चौराहे शहर की शान हैं।
इन्हें खूबसूरत बनाने के लिए इनका रंग रोगन होना चाहिए। इसके अलावा प्रमुख सड़कों के साथ कूड़े के ढेर भी नहीं होने चाहिए। दीवाली के दिन सड़कों पर उचित रोशनी हो, इसके लिए निगम हर एक प्रमुख सड़कों के अलावा सेक्टर व कॉलोनियों में लगे स्ट्रीट लाइट को ठीक करें।
उन्होंने 98 प्रतिशत तक स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने को कहा है। इसके अतिरिक्त टैक्स वसूली पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनुमान के मुताबिक करों की वसूली नहीं हो पा रही है।
सभी कराधान अधिकारी इसे गंभीरता से लें और टैक्स पर जोर दिया जाए। संयुक्त आयुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगर ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान शहर की साफ-सफाई की गई थी, उसी तर्ज पर अभियान चलाया जा रहा है।