संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल पलवल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण उपरांत बैठक में सीएमओ सहित अन्य चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधाएं मिलें, दवाईयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, मरीजों को बेहतर इलाज दिया जाए तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। चिकित्सक मरीजों से सौम्य और मधुर व्यवहार करें। उपायुक्त ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर आपातकालीन सेवाओं, साफ-सफाई, आईसीयू, ओपीडी, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन, जच्चा-बच्चा वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, आयुष विभाग और वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को स्वच्छ वातावरण में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा मरीजों से बातचीत कर उनकी ओपीडी पर्चियों की भी जांच की।
डीसी ने सीएमओ को दिए निर्देश
डीसी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतेंद्र वशिष्ठ को निर्देश दिए कि चिकित्सक व कर्मचारी सक्षम अधिकारी से अपना अवकाश स्वीकृत करवाने उपरांत ही छुट्टी पर जाएं ताकि अस्पताल में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि औषधि केंद्र पर उपलब्ध सभी दवाइयों की लिस्ट भी सार्वजनिक तौर पर चस्पा की जाए, जिससे मरीजों को दवा लेने में कठिनाई न हो। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी देवी सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।