एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को शुरू हुआ घना कोहरा 19 जनवरी तक ऐसे ही पड़ेगा।
गाजियाबाद, हापुड़ व बुलंदशहर सहित उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब व राजस्थान में सुबह के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता कहीं 500 मीटर तो कुछ जगह 50 मीटर से भी नीचे तक गिर सकती है।
20 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम फिर बिगड़ेगा और बारिश के साथ ही ओले गिरने का भी पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक 20-23 जनवरी के बीच कोहरे में थोड़ी कमी आएगी लेकिन 24 से फिर बढ़ेेगी। हालांकि इस बीच 20-23 जनवरी के बीच पहाड़ों में बर्फ पड़ेगी।
मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, यूपी व एनसीआर में बारिश के साथ-साथ ओले पड़ने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को विशेष बुलेटिन जारी करके 19 तक घने कोहरे की चेतावनी दी है।
वहीं, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में 21 जनवरी को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ की भी भविष्यवाणी की है।
यह विक्षोभ न सिर्फ पहाड़ों को बल्कि उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को भी प्रभावित करेगा। उधर, 21-23 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होगी।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20-23 जनवरी के बीच बर्फ पड़ेगी। दिल्ली में 21 जनवरी की दोपहर से 22 जनवरी शाम तक हल्की बारिश होगी।
मौसम वैज्ञानिक डा. विवेक राज सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पूर्वी हवा मिलने के कारण पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान और यूपी में 21-23 जनवरी के बीच कुछ इलाकों में बारिश होगी। हालांकि 16-20 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।