प्याली चौक से डबुआ सब्जी मंडी के पास सड़क के दोनों ओर अबैध कब्जा हटाने गई नगर निगम तोड़फोड़ विभाग की टीम पर पथराव हो गया। पथराव होता देख निगम कर्मचारी मौके से भागने लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को धमकाकर पथराव बंद कराया तब जाकर अबैध कब्जे हटाए जा सके। बताया जाता है कि निगम की टीम बगैर पुलिस लिए ही कब्जा हटाने पहुंच गई थी।
गनीमत रही कि किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई। कुछ कब्जेदारों ने अपनी झुग्गियों में आग भी लगा दी थी। जिसे निगमकर्मियों ने तत्काल बुझा दिया। ज्ञात हो कि प्याली चौक से मुल्ला होटल तक निगम की जमीन पर हुए अबैध कब्जों का मामला पिछले दिनों ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में उठा था।
इसके पहले भी वहां की शिकायतें थीं कि लोगों ने निगम की जमीन पर अबैध कब्जा कर झुग्गियां बना ली हैं। मंगलवार को एसडीओ पदम भूषण और आनंद स्वरूप की अगुवाई में तोड़फोड़ विभाग की टीम सुबह प्याली चौक पहुंची और झुग्गीवालों को जमीन खाली करने को कहा।
अभी निगम कर्मचारी उन लोगों से बातचीत कर ही रहे थे कि लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव होता देख निगम कर्मचारी वहां से जान बचाकर भाग निकले।
पथराव की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को धमकाकर उन्हें शांत कराया। एसडीओ पदम भूषण ने बताया कि प्याली चौक से डबुआ सब्जी मंडी जैन मंदिर तक सड़क के दोनों ओर करीब 150 झुग्गियां, 50 से अधिक पुरानी कारें, तीन बल्ली वाले और 10 खोखे हटवाए गए।
एसडीओ ने बताया कि एक दो झुग्गिवालों ने खुद ही आग लगा दी ताकि अभियान को रोका जा सके। लेकिन निगमकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को तत्काल बुझा दिया। उन्होंने बताया कि पथराव में निगम कर्मचारी बाल-बाल बच गए।