21 दिनों से लापता कशिश को ढूंढने में नाकाम पुलिस के खिलाफ परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मूलरूप से उत्तराखंड निवासी संजय रावत सेक्टर- 22 के एच ब्लाक में रहते हैं। उनकी पांच वर्षीय बेटी कशिश 12 मई को घर के पास स्थित पार्क में गई थी। जहां से वह लापता हो गई।
बुधवार शाम उत्तराखंड समाज नोएडा से जुड़े लोग और परिवार वाले सेक्टर 12-22 चौराहे पर एकत्रित हुए। उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर डीएसपी अरविंद यादव पहुंचे और मामला शांत कराया। अरविंद यादव ने बताया कि पुलिस बच्ची को खोजने के लिए पूरी कोशिश कर रही है। कई जगहों पर पुलिस टीम भेजी गई। साथ ही बच्ची का पोस्टर लगाया है।
प्रदर्शन के कारण लगा जाम
कशिश को खोजने के लिए हुए प्रदर्शन के कारण सेक्टर 12-22 पर जाम लगा गया। इससे चौड़ा की तरफ जाने वाला रास्ता भी प्रभावित रहा। दफ्तर से निकले लोगों को एक घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। शाम का वक्त होने से ट्रैफिक पुलिस को ट्रैफिक सुचारु करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि रात 8 बजे तक ट्रैफिक सुचारु हो गया था।
मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
कशिश को खोजने के लिए परिजनों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि बच्ची के लापता होने के 21 दिन बाद भी नोएडा पुलिस उसे ढूंढ नहीं सकी। इस कारण बच्ची को खोजने में मुख्यमंत्री की तरफ से सहयोग किया जाए।