एक निजी न्यूज चैनल में लाइव डिबेट के दौरान ज्योतिषाचार्य दीपा शर्मा और हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व धर्म गुरु ओम जी के बीच हुई हाथापाई का मामला थाने के बाद गंभीर आरोप-प्रत्यारोप के दौर में पहुंच चुका है।
धर्म गुरु ओम जी के मुताबिक उनके साथ चैनल के कार्यक्रम के दौरान जो हरकत हुई वह अभिनेत्री डॉली बिंद्रा के इशारे पर हुई। एक चैनल में डिबेट के बाद उन्हें इसकी धमकी मिली थी। एक अन्य चैन को उन्होंने कहा कि दीपा शर्मा के माध्यम से उन पर हमले की साजिश रची गई।
ओम जी ने कहा कि उन्हें डॉली बिंद्रा ने कुछ दिन पहले ही रेप और छेड़छाड़ के केस में फंसाने के अलावा जान से मारने की धमकी दी थी। इस घटना के लिए भी साजिश रची गई थी।
'डिबेट से पहले किया था शिकायत का जिक्र'
ओम जी ने आरोप लगाया कि दीपा शर्मा टीवी और फिल्मों में काम करने की इच्छुक है और वे डॉली बिंद्रा के घर भी कुछ दिन रही हैं। डॉली बिंद्रा के इशारे पर ही चैनल में दीपा शर्मा ने उनकी साथ ये हरकत की।
वहीं दूसरी ओर ज्योतिषाचार्य दीपा शर्मा ने ओम जी के आरोपों का खंडन किया और कहा कि ओम जी ने कार्यक्रम के दौरान उन पर गंभीर आरोप लगाए और उन पर व्यक्तिगत आक्षेप भी लगाए।
दीपा शर्मा के मुताबिक डिबेट से पहले ही ओम जी ने उनके साथ बातचीत में किसी शिकायत की कॉपी का जिक्र किया था और कहा था कि वे टीवी पर लोगों को इसे बताएंगे। तब उन्हें पता नहीं था कि इस शिकायत में क्या है।
पुलिस ने मांगी कार्यक्रम की फुटेज
कुल मिलाकर जहां मामले में एफआईआर के जवाब में एफआईआर दर्ज की गई है, वहीं आरोप-प्रत्यारोप को दौर भी शुरू हो गया है। बता दें कि एक निजी चैनल में लाइव शो के दौरान ओम जी और दीपा शर्मा के बीच हाथापाई हो गई थी।
इसके बाद दोनों लोग सेक्टर-20 थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी। पुलिस ने बताया कि तहरीर और घटनाक्रम के आधार पर दोनों लोगों को मेडिकल कराया गया था।
एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया था कि दीपा शर्मा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर ओम जी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (छेड़छाड़), 506 (जान से मारने की धमकी देना), 323 (मारपीट) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने टीवी चैनल के मैनेजमेंट से पूरे घटनाक्रम की सीडी मांगी है और मामले की जांच में जुट गई है।