गुड़गांव के पालम विहार स्थित चिरंजीव भारती स्कूल बारहवीं के छात्र के हुए अपहरण के मामले में पुलिस को मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने में पसीने छूट रहे है। साइबर सेल की टीम को अबतक मिले इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाने में परेशानी आ रही है।
पालम विहार सी ब्लॉक से शुक्रवार को स्कूल से लौट रहे छात्र मानव को अपहरण का उसके पुराने सहपाठियों ने अपहरण कर कर लिया था। अपहरण के पूरे कांड में मास्टरमाइंड की भूमिका निभाने वाले मोहित जोशी ने अक्षय पूनिया और दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर उसके पिता से पांच करोड़ की फिरौती मांगी थी।
आठ घंटे की पुलिस कार्रवाई के बाद तीन अपहरणकर्र्ताओं के चंगुल से छात्र को मुक्त कराते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन अपहरण का मुख्य सूत्रधार मोहित पुलिस की पकड़ से फरार हो गया। तीनों से मिले क्लू के आधार पुलिस की कई टीमें मोहित के पीछे लगी हुई है। रविवार को पुलिस की टीमों ने कई जगहों पर दबिश देकर छापेमारी की लेकिन मोहित अपना ठिकाना बदल गया।
पुलिस की साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर मोहित ने अपना मोबाइल भी बंद कर दिया है जिससे पुलिस को उस तक पहुंचना बड़ी चुनौती बना हुआ है। रविवार को सीआईए यूनिट ने उसके कई रिश्तेदारों के घर पर भी छापेमारी की। हालांकि पुलिस का दावा है कि देरशाम मोहित को लेकर कई क्लू मिले है जिसके आधार पर वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। उधर, एक दिन कि पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी अक्षय पूनिया को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जहां से उसे भोंडसी जेल भेज दिया गया। दोनों नाबालिग आरोपियों को पहले ही फरीदाबाद स्थित सुधार गृह में भेज दिया गया है।