- डीयू के 67 कॉलेजों में 73 प्रोग्राम मेंं स्नातक की 85 हजार सीटों (स्पोट्र्स, ईसीए व अन्य कोटे की सीटें) के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरु
- पहले चरण में सीएसएएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत स्नातक दाखिले के लिए बिगुल बज गया है। डीयू ने 67 कॉलेजों में 73 स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों की करीब 85 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के पहले चरण की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) में शामिल हुए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के सीएसएएस पोर्टल https://ugadmission.uod.ac.in/ पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। हालांकि अभी पंजीकरण की अंतिम तिथि की घोषणा नहीं की गई है।
विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों में 73 स्नातक पाठ्यक्रमों तथा 100 से अधिक बीए कार्यक्रमों में प्रवेश केवल सीयूईटी यूजी-2026 के अंकों के आधार पर होगा। दाखिले के लिए छात्रों को संबंधित कार्यक्रम की पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा। डीयू ने स्पष्ट किया है कि छात्र केवल अपने सीयूईटी यूजी 2026 की आवेदन संख्या के माध्यम से सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे।
इस वर्ष सुरक्षित और आसान पंजीकरण प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का नाम, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर जैसी आवश्यक जानकारी भारत सरकार के एपीआई सेतु के माध्यम से स्वत: पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। इससे डाटा संबंधी त्रुटियों की संभावना कम होगी। सामान्य, ओबीसी-नॉन क्रीमी लेयर और ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्रों के लिए पंजीकरण शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 100 रुपये होगा। छात्रों को बीएफए, बीएससी (पीई एचई एंड एस) तथा बीए ऑनर्स म्यूजिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन करने पर 400 का अतिरिक्त शुल्क देना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) और स्पोर्ट्स सुपरन्यूमेरी कोटे के लिए आवेदन करने पर प्रत्येक कोटे के लिए 100 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। डीयू ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तभी पूर्ण मानी जाएगी जब सीएसएएस यूजी आवेदन शुल्क का भुगतान प्राप्त हो जाएगा।
दूसरे चरण में भरनी होगी कॉलेज और कोर्स की पसंद
विश्वविद्यालय ने बताया कि सीएसएएस के दूसरे चरण में छात्रों को अपने पसंदीदा कॉलेज एवं पाठ्यक्रमों का चयन करना होगा। इस दौरान उम्मीदवारों को सीयूईटी के विषयों का 12वीं कक्षा में पढ़े गए विषयों के साथ मिलान (सब्जेक्ट मैपिंग) करना होगा। केवल उन्हीं विषयों के आधार पर पात्रता तय की जाएगी, जिनमें छात्र ने कक्षा 12 उत्तीर्ण की है। पात्रता निर्धारित होने के बाद छात्र अपनी पसंद के कार्यक्रम और कॉलेजों की प्राथमिकता भर सकेंगे। दूसरे चरण का कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने छात्रों को आवेदन से पहले यूजी बुलेटिन ऑफ इंफॉर्मेशन 2026-27 और कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के नियम पढऩे को कहा है। साथ ही प्रवेश से संबंधित सभी अपडेट के लिए डीयू की आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी है।
तीसरे चरण में सीट का आवंटन
दाखिले के तीसरे चरण में छात्रों की कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकताओं के आधार पर सीट का आवंटन किया जाएगा। सीट आवंटन के लिए कम से कम तीन राउंड होंगे। उसमें सीट स्वीकार करने व फीस भुगतान के लिए छात्रों को कम से कम तीन दिन मिलेंगे। डीयू प्रशासन की ओर से इसके लिए जल्द ही दाखिला शेड्यूल जारी किया जाएगा।