विदेशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से ठगी करने वाले गिरोह का कनेक्शन अबू धाबी से जुड़ रहे हैं। अबू धाबी की एक कंपनी के सैकड़ों लेटर हेड व कंपनी के एचआर मैनेजर अहमद अल जुबेर की तलाश में भी पुलिस जुट गई है।
फेस-3 पुलिस ने 14 फरवरी को पश्चिम बंगाल के हुगली निवासी मोहम्मद परवेज आलम पुत्र अब्दुल गफ्फार को गिरफ्तार कर इस शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाजियाबाद के वैशाली में आफिस बना रखा था।
वह यहीं से बेरोजगार युवकों को दुबई, आबू धाबी, कुवैत, सऊदी अरब, दोहा सहित अन्य खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। नौकरी के बदले में आरोपी 60 हजार से लेकर 75 हजार रुपये तक बतौर फीस उनसे लेता था।
पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्यों का नेटवर्क खाड़ी देशों तक फैला था। उनके पास से जो दर्जनों फर्जी वीजा लगे हुए पासपोर्ट, सैकड़ों प्रमाण पत्र, कंपनियों के लेटर हेड मिले हैं वह ओरिजनल लग रहे हैं।
प्रमाण पत्रों व अबू धाबी स्थित कंपनी के लेटर हेड व एचआर मैनेजर के बारे में जानकारी ली जा रही है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्य अरशद, शाहिल, शशि प्रकाश और आरिफ की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।