संवाद न्यूज एजेंसी पूर्वी दिल्ली। नवरात्र और दशहरे का उत्साह थमते ही पूर्वी दिल्ली के बाजारों में अब दिवाली की रौनक दिखाई देने लगी है। त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजारों का रंग-रूप बदलने लगा है। कहीं रंग-बिरंगी झालरें दुकानों की शोभा बढ़ा रही हैं, तो कहीं जगमगाती लाइटें ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। घरों को सजाने वाले सामान से लेकर नए कपड़ों तक की दुकानों पर त्योहार की तैयारी नजर आने लगी है। बाजारों में सजावट के सामान की नई डिजाइन और रंगों के विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर पाए।
कृष्णा नगर, भजनपुरा, जगजीत नगर, मौजपुर, गांधी नगर, सीलमपुर, नवीन शाहदरा, सुभाष मार्केट और छोटा बाजार समेत यमुनापार के कई बाजारों में दिवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दुकानों के बाहर सजावटी लाइटें, झालरें और घरों को आकर्षक बनाने वाले सामान सजे हुए हैं। दशहरे के बाद त्योहारों की खरीदारी का अगला दौर शुरू होने से बाजारों में रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
विज्ञापन
सजावट के सामान से सजी दुकानें
दिवाली पर घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को सजाने की परंपरा के चलते सजावटी सामान की दुकानों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। रंग-बिरंगी झालरों और अलग-अलग डिजाइन की लाइटों के साथ दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने में जुटे हैं। त्योहार को ध्यान में रखते हुए दुकानों पर सामान को इस तरह सजाया जा रहा है कि ग्राहकों को एक ही जगह कई विकल्प मिल पाए। घर की सजावट के लिए खरीदारी करने वाले लोगों के लिए बाजारों में विकल्प बढ़ने लगे हैं।
कपड़ों की दुकानों पर भी त्योहार की तैयारी
दिवाली के साथ नए कपड़े खरीदने की परंपरा भी बाजारों में कारोबार को गति देती है। ऐसे में कपड़ों की दुकानों पर भी त्योहार को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही हैं। गांधी नगर, कृष्णा नगर, रोहताश नगर जैसे बाजारों में कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की पसंद के अनुसार अलग-अलग विकल्प उपलब्ध हैं। परिवारों में त्योहार के लिए खरीदारी की योजना बनने के साथ कपड़ों और सजावटी सामान का कारोबार आगे बढ़ने की उम्मीद है।
दशहरे के बाद अब दिवाली की तैयारी शुरू हो गई है। दुकानों पर झालर और लाइटों की अलग-अलग डिजाइन सजाई जा रही हैं। त्योहार को देखते हुए ग्राहकों की पसंद के अनुसार विकल्प देने की तैयारी है।दुकानदार विनय जैन
दिवाली पर लोग घर की सजावट के साथ नए कपड़े खरीदने पर भी ध्यान देते हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी का माहौल बनने लगा है। आने वाले दिनों में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।दुकानदार हिमांशु शर्मा
त्योहारों के दौरान बाजारों में रौनक बढ़ जाती है। अब दिवाली के लिए दुकानें सजाई जा रही हैं। उम्मीद है कि त्योहार की खरीदारी से व्यापार को गति मिलेगी और बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी।दुकानदार विक्की
दिवाली पर घर सजाने के लिए लाइट और झालर की जरूरत होती है। बाजार में अलग-अलग डिजाइन देखने को मिल रहे हैं। खरीदारी करते समय सामान की गुणवत्ता और कीमत की तुलना करना भी जरूरी है।ग्राहक विनीत कुमार नवीन शाहदरा निवासी