नई दिल्ली के दरियागंज इलाके में सोमवार देर रात एक 65 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव रात एक बजे शांति वन के पास मिला। मृतक की दो अंगूठी और मोबाइल गायब है।
लेकिन नकदी और घड़ी मिलने की वजह से पुलिस ने लूटपाट से इनकार किया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रॉपर्टी डीलर की कहीं अन्य जगह पर हत्या कर उसके शव को यहां लाकर फेंका गया है। दरियागंज थाने की पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त परमादित्य ने बताया कि मृतक की पहचान लक्ष्मी नगर निवासी नरेश बंसल के रूप में हुई है। नरेश के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं।
सोमवार शाम पांच बजे उनका बेटा पंकज बंसल उन्हें दरियागंज स्थित एक अस्पताल में आंख के डॉक्टर के पास ले गया था। वहां से पंकज उन्हें वापस चांदनी चौक स्थित कार्यालय में छोड़कर खुद लक्ष्मी नगर चला गया।
देर रात तक नरेश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों ने उनके मोबाइल पर फोन किया। लेकिन फोन स्विच ऑफ था। परिवार वालों ने अपने कई परिचितों को फोन कर उनके बारे में जानकारी हासिल की। काफी तलाश के बाद जब नरेश का कोई पता नहीं चला तो परिवार वाले उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाने जामा मस्जिद थाने पहुंचे।
जामा मस्जिद थाना पुलिस गुमशुदगी दर्ज करने की प्रक्रिया कर ही रही थी कि शांतिवन के पास गश्त कर रहे एक सिपाही ने वायरलेस मैसेज से बुजुर्ग का शव मिलने की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी व परिवार वाले मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नरेश बंसल के रूप में की। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी।