कोहरे के कारण लेट हुई रांची-नई दिल्ली राजधानी के यात्रियों ने खाना न मिलने पर सोमवार को जमकर हंगामा किया।
करीब पांच घंटे लेट हुई इस ट्रेन में दोपहर करीब पौने तीन बजे गाजियाबाद से गुजर रही थी तो गुस्साए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। ट्रेन जैसे ही आगे बढ़े यात्री बार-बार चेन पुलिंग कर दें।
आरपीएफ-जीआरपी और रेलवे ट्रैफिक के अधिकारियों ने किसी तरह यात्रियों को समझाकर शांत कराया और ट्रेन को नई दिल्ली के लिए रवाना किया।
रांची-नई दिल्ली राजधानी सुबह करीब 11 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचनी थी। कोहरे और अन्य कारणों से यह ट्रेन करीब पांच घंटे लेट हो गई।
यात्रियों का कहना था कि सुबह से ही वह पैंट्री कार इंचार्ज और ट्रेन सुपरिंटेंडेट को तलाश रहे थे, लेकिन वे नहीं मिले। पैंट्री कार में पानी की बोतलें तक नहीं थी। पैंट्री कार स्टाफ से इंचार्ज को बुलाने की बात कही, लेकिन वह नहीं आया।
कानपुर के बाद ट्रेन दोपहर करीब पौने तीन बजे गाजियाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर -6 से गुजर रही थी। इसी दौरान यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और पानी-खाने का इंतजाम करने को कहा।
आरपीएफ-जीआरपी के अधिकारी और स्टेशन अधीक्षक मौके पर पहुंचे और यात्रियों को शांत कराने का प्रयास किया।