सुनंदा पुष्कर के पति और कांग्रेसी नेता शशि थरूर रविवार को दिल्ली पहुंच गए। एयरपोर्ट पर वह मीडिया से कन्नी काटते हुए दिखाई दिए। थरूर से दिल्ली पहुंचने के बाद अब सुनंदा पुष्कर हत्या मामले में उनसे पूछताछ की संभावना प्रबल हो गई हैं।
ये भी माना जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने शशि थरूर को दिल्ली बुलाया है, मगर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। दिल्ली पुलिस ने लोधी इस्टेट स्थित उनके आवास पर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए हैं।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने सबसे पहले इस बात को प्रकाशित किया था कि शशि थरूर रविवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। वह रविवार दोपहर को कोच्चि से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर जब मीडियाकर्मियों ने थरूर से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कुछ नहीं कहा।