लीकेज पाइप लाइनों को ठीक कर नोएडा और टीएचए को सोमवार को गंगाजल सप्लाई दी गई। इस सप्लाई से पाइप लाइनों की सफाई की गई।
कोई पाइप लाइन लीकेज न मिलने से अब मंगलवार से प्रताप विहार स्थित 100 क्यूसेक गंगाजल प्लांट से सप्लाई शुरू की जाएगी। हालांकि यह सप्लाई 10 दिसंबर तक शुरू होनी थी, लेकिन पाइप लाइन की लीकेज मरम्मत का काम पूरा होने पर दो दिन पहले ही सप्लाई शुरू कर दी गई।
जल निगम ने दिवाली के बाद नोएडा और टीएचए को नए प्लांट से गंगाजल सप्लाई दी थी, लेकिन पाइप लाइन में लीकेज की वजह से सप्लाई रोक दी गई थी।
गंगाजल प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को नोएडा को पांच से छह घंटे सप्लाई दी गई। इस दौरान 50 से 60 क्यूसेेक गंगाजल दिया गया। इंदिरापुरम को भी 12 से 15 क्यूसेक गंगाजल दिया गया।
उन्होंने बताया कि नोएडा के अधिकारियों ने मंगलवार से रेग्यूलर गंगाजल लेने को कहा है। वहीं जीडीए के कांट्रेक्टर ने भी मंगलवार से गंगाजल की डिमांड की है।
मंगलवार को सुबह नोएडा और जीडीए के अधिकारियों से वार्ता कर 10 से 11 बजे के बीच सप्लाई शुरू की जाएगी। ऐसे में इंदिरापुरम 36 छोटी-बड़ी ग्रुप हाउसिंग को मंगलवार से गंगाजल सप्लाई मिल जाएगी।