हरिद्वार से रविवार को गंगनहर को चालू करने के बाद सोमवार को इसे पूरी क्षमता पर चला दिया गया है। पानी की रफ्तार बढ़ने से अब प्रताप विहार प्लांट में मंगलवार दोपहर तक ही पानी पहुंचने की उम्मीद है।
दोपहर तक पानी मिला तो प्लांट के अधिकारियों ने मंगलवार की शाम से ही नोएडा और टीएचए को गंगाजल आपूर्ति देने का दावा किया है।
रविवार को हरिद्वार से गंगनहर में क्षमता से 50 फीसदी पानी ही छोड़ा गया था। पानी की रफ्तार धीमी होने से माना जा रहा था कि मंगलवार शाम तक वह गंगाजल प्लांट में पहुंचेगा और बुधवार से सप्लाई शुरू होगी।
प्रताप विहार गंगाजल प्लांट के प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को सिंचाई विभाग ने नहर में 100 फीसदी पानी छोड़ दिया है। इससे पानी की रफ्तार बढ़ी है और उम्मीद है कि मंगलवार की सुबह या दोपहर तक प्लांट को पानी मिल जाएगा।
उनका कहना है कि दोपहर तक भी पानी मिला तो शाम सात बजे तक नोएडा और टीएचए को सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।