इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला आने से पहले ही डीपीएसजी प्रबंधन के मनमानी पर उतारू होने का अभिभावकों ने आरोप लगाया है। डीपीएसजी प्रबंधन ने बढ़ी फीस जमा नहीं करने पर बस सुविधा बंद करने के साथ अब फॉरमेटिव असेसमेंट टेस्ट में बच्चों को नहीं बैठने देने की धमकी दी है।
दोनों मुद्दों को लेकर डीपीएसजी सोसायटी के तीनों स्कूलों की फेडरेशन ‘स्कूल पैरेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन’ की कविनगर के आपका भवन में बैठक हुई। बैठक में अभिभावकों ने जीरों अटेंडेंस कर बच्चों को स्कूल न भेजने और सोमवार को सुबह 5.30 बजे डीपीएसजी मेरठ रोड का घेराव करने का निर्णय लिया है। डीपीएसजी के करीब 500 अभिभावकों ने दिल्ली जाकर केंद्रीय गृहमंत्री सांसद राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई।
पांच रुपये रोज फाइन भरने को तैयार
‘स्कूल पैरेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन’ की अध्यक्ष कनिका कपूर ने बताया कि अभिभावक पुरानी फीस या फिर रोज के हिसाब से लगाए जा रहे पांच रुपये फाइन भरने को तैयार हैं, लेकिन स्कूल प्रशासन मनमानी कर नई फीस लेने पर अड़ा है। साथ ही बस सुविधा बंद करने के साथ अब यूनिट टेस्ट में नहीं बैठने की धमकी दी है।
अभिभावक हाईकोर्ट के निर्णय तक किसी कीमत पर बढ़ी फीस जमा नहीं करेंगे। साथ ही निर्णय के खिलाफ तीनों स्कूलाें के अभिभावक डीपीएसजी के गेट नंबर तीन पर एकत्रित होकर स्कूल का घेराव करेंगे। सोमवार को स्कूल से बसों को भी निकलने नहीं दिया जाएगा।
ट्रांसपोर्ट शुल्क नहीं वसूलने का दिया था शपथपत्र
एसोसिएशन के पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि स्कूल बस बंद करने की बात करता है, जबकि परिवहन विभाग की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ रही हैं।
गाइडलाइन केअनुसार स्कूल न तो ट्रांसपोर्ट शुल्क ले सकता है और न कोई अन्य शुल्क। पूर्व प्रिंसिपल रीता कपूर ने विभाग में इसे लेकर शपथपत्र भी दिया है। नियमों को तोड़ने की शिकायत वे परिवहन विभाग में करेंगे।
गृहमंत्री से मिला उचित कार्रवाई का आश्वासन
उत्तर प्रदेश सरकार से राहत मिलती न देख डीपीएसजी के 500 पैरेंट्स रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के दिल्ली स्थित दरबार पहुंचे। अभिभावकों में से उन्होंने छह पैरेंट्स को बातचीत के लिए बुलाया।
प्रकरण समझने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन से बात कर स्कूल के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
डीपीएसजी ने मांगी पुलिस सुरक्षा स्टाफ को सुबह 5.45 पर बुलाया
हंगामे का अंदेशा जताते हुए डीपीएसजी प्रबंधन ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। सीओ द्वितीय कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि डीपीएसजी के तीनों गेटों पर दो-दो दरोगा और 10-10 कांस्टेबल लगाए जाएंगे।
पुलिस मुस्तैद रहेगी और किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उधर, स्कूल प्रबंधन ने अपने पूरे स्टाफ को सुबह 5.45 पर स्कूल बुलाया है।