जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में आर्मी बेस कैंप पर आतंकी हमले के बाद दिल्ली में भी हमला हो सकता है। आतंकी त्योहारों के मौसम में भीड़भाड़ वाली जगहों पर हमला करके बड़ी तबाही मचा सकते हैं।
दिल्ली पुलिस ने हमले को लेकर सर्कुलर जारी किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली पुलिस हर हमले से निपटने को तैयार है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों के इनपुट्स मिलने के बाद दिल्ली में आतंकी हमले को लेकर सर्कुलर जारी किया गया है।
सर्कुलर में कहा गया है कि चार आतंकियों ने उड़ी सेक्टर के आर्मी बेस कैंप पर हमला किया। इसमें कई जवान शहीद हो गए। देश की राजधानी होने के कारण दिल्ली आतंकियों का संभावित टारगेट है।
उ़ड़ी के बाद दिल्ली में आतंकी हमले की आशंका
उड़ी
- फोटो : Getty Images
ऐसे में आतंकियों के कुछ ग्रुप दिल्ली में नवरात्र, दुर्गा पूजा, रामलीला, दशहरा, दिवाली, छह पूजा और महर्षि वाल्मीकि जयंती पर हमला कर सकते हैं, क्योंकि इन मौकों पर एक जगह काफी श्रद्धालु इकट्ठे होते हैं।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से आदेश जारी कर धार्मिक समारोह, मॉल, होटल, व्यस्त मार्केट, अस्पताल, स्कूल,कॉलेज, मंदिर, रेस्टोरेंट, एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गई है।
साथ ही अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। कहा गया है कि धार्मिक समारोह व भीड़भाड़ वाली जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर नजर रखी जाए। पुलिस सूत्रों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों, बाजारों व मॉल्स की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बलों को उतारा जाएगा।