जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय कैंपस में आतंकी अफजल गुरु का शहादत दिवस मनाने का मुद्दा गरमा गया है। एबीवीपी के विरोध व शिकायत के चलते विवि ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
वहीं, एबीवीपी ने कैंपस में आतंकी गतिविधियां चलाने का आरोप लगाते हुए आरोपी छात्रों को निलंबित करने की मांग उठायी है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी के बाद अब जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव व एबीवीपी पदाधिकारी सौरभ शर्मा ने भी कैंपस में आतंकी गतिविधियां चलने का संगीन आरोप लगाया है।
मामला कैंपस में मंगलवार को आतंकी अफजल गुरु के शहादत दिवस से शुरू हुआ था, जिसके चलते बुधवार को कैंपस में माहौल गरमा गया। एबीवीपी ने स्ट्राइक की कॉल दी थी लेकिन परीक्षा नजदीक होने के चलते वापस ले ली, लेकिन कुलपति ऑफिस के बाहर विरोध दर्ज करवाया।