नई दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) की निदेशक डॉ. मीनाक्षी भारद्वाज का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने उनकी सेवानिवृत्ति को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाया है। कोरोना वायरस के प्रकोप के बीच स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों इसके लिए मंत्रालय ने अगले आदेश तक डॉ. मीनाक्षी भारद्वाज की सेवाएं जारी रहने का आदेश दिया है।
दरअसल कोरोना वायरस को लेकर आरएमएल अस्पताल देश का पहला नोडल केंद्र बनाया गया था। यहां सबसे पहले कोरोना संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया जा रहा था। उस वक्त मरीज का सैंपल लेकर एनआईवी पुणे भेजा जा रहा था जिसकी रिपोर्ट आने में करीब पांच से छह दिन तक का वक्त लगता था।
इसके चंद समय बाद यहां जांच की सुविधा शुरू हुई और संक्रमित मरीजों को भी भर्ती किया जाने लगा। डॉ. मीनाक्षी भारद्वाज शुरूआत से ही कोरोना महामारी की इस लड़ाई में आरएमएल अस्पताल का नेतृत्व कर रही हैं। जानकारी के अनुसार अभी तक के कार्यों को देखते हुए ही उनका कार्यकाल आगे बढ़ाया गया है।