सांप्रदायिक सौहार्द में खटास घोलने की कोशिशों के बीच ईद के त्योहार पर अनोखी मिसाल पेश की गई। मंदिर के महंत ने मस्जिद के इमाम के साथ ईद मना देश में अमन चैन का संदेश दिया।
बाकायदा, मंदिर के महंत ने इमाम को फलों का टोकरा व मिठाइयां भेंट कर ईद की मुबारकबाद दी। महंत व इमाम ने एक स्वर में समाज से आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
फरीदाबाद कभी अटाली में दंगों को लेकर चर्चित रहा तो कभी सुनपेड़ कांड ने देशभर में औद्योगिक नगरी का नाम बदनाम किया। अब बल्लभगढ़ तहसील के खंदावली गांव के किशोर जुनैद की हत्या ने एक बार फिर इस शहर को चर्चाओं में ला दिया है।
सांप्रदायिक उन्माद की कोशिशों के बीच एक बार फिर शहर के ही जागरूक लोगों ने समरसता का संदेश दिया है। सोमवार को देशभर में ईद का त्योहार मनाया गया। फरीदाबाद की ओल्ड फरीदाबाद स्थित ईदगाह में यह त्योहार चर्चा का विषय रहा।
फल व मिठाइयां भेंट कर दी ईद की बधाई
- फोटो : ANI
एनआईटी 5 स्थित पिपलेश्वर मंदिर के महंत शास्त्री ने ईद के मौके पर भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हुए ओल्ड फरीदाबाद ईदगाह के इमाम मुफ्ती मुश्तजाबुद्दीन को फलों का टोकरा व मिठाइयां भेंट कर ईद की बधाई दी।
इस मौके पर ईमाम मुफ्ती मुश्तजाबुद्दीन ने कहा कि ईद का त्योहार समाज में भाईचारे का प्रतीक है इसलिए हिंदू-मुस्लिम समाज के सभी लोगों को इस त्योहार पर आपसी मतभेद भुलाकर संगठित होकर समाज को सौंहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने के लिए संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ सांप्रदायिक ताकतें आज समाज में भेदभाव फैलाकर लोगों को बांटने का काम कर रही है परंतु हम सभी को ऐसी ताकतों का डटकर मुकाबला करते हुए शांतिप्रिय ढंग से रहना चाहिए।
एकता विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश चोपड़ा व महासचिव विनय भाटी ने संयुक्त रुप से समाज के लोगों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से आह्वान किया कि इस पावन पर्व पर भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का प्रण लें।
इस अवसर पर मोहम्मद नाजिम, राशिद खान, इकराम सैफी, चरित्रा शर्मा, सुरेश नागर, दुष्यंत शर्मा, उदयवीर नागर, देवेंद्र भाटी, पंकज शर्मा, हर्ष कुमार, रचिन सुरी विनित गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।