शनिवार सुबह का तापमान इस सीजन में सबसे कम दर्ज किया गया। यह शुक्रवार के मुकाबले 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। जो सामान्य से चार डिग्री कम है। शनिवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। 11 बजे तक ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली। उसके बाद धूप ने पूरे दिन आंख मिचौली खेली। शाम होते ही तापमान गिर गया। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। दिल्ली के आया नगर इलाके में सुबह सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान सबसे कम तीन डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले दो दिनों तक शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। जबकि पूरे सप्ताह सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है। दिन में बादल छाए रहने से रात का तापमान मामूली बढ़ सकता है। अनुमान है कि 11 जनवरी तक न्यूनतम तापमान बढ़कर सात डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि अधिकतम तापमान स्थिर रहने का अनुमान है।
ट्रेन और विमान यात्रियों के लिए कोहरा बना आफत
विमान यात्रियों के लिए कोहरा आफत बन गया है। दृश्यता के 50 मीटर से कम होने की वजह से करीब 250 उड़ाने देरी से संचालित हुईं। इनमें मुंबई, दिल्ली, गोरखपुर, भुवनेश्वर, लखनऊ, हैदराबाद समेत कई जगहों से आने-जाने वाली घरेलू विमानों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय विमान भी कई घंटे की देरी से संचालित हुए। वहीं लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेन 3-5 घंटे की देरी से संचालित हुईं। शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर 250 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें जाने वाली 100 से अधिक, आने वाली 90 से अधिक घरेलू उड़ानें शामिल थीं। इसी तरह 50 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अपने नियत समय से नहीं चलीं।
वहीं कोहरे की मार से 100 से अधिक ट्रेनों देरी से चलीं। इनमें मुख्य रूप से अमृतसर-नांदेड़ एक्सप्रेस व अजमेर-कटरा पूजा स्पेशल 7-7 घंटे की देरी से अपने गंतव्य स्टेशन पर पहुंची वहीं सहरसा-नई दिल्ली वैशाली 6 घंटे। इसके अलावा हैदराबद-नई दिल्ली, कैफियात एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस समेत 20 से अधिक ट्रेन 3-3 घंटे की देरी से चली। यहीं स्थिति रीवा,प्रयागराज-नई दिल्ली,बनारस-नई दिल्ली, मुजफ्फरपुर-आनंद विहार समेत कई ट्रेनों की समय सारणी बिगड़ी रही।