प्रीमियम ट्रेन तेजस जल्द ही ट्रैक पर दिखेगी। सौ दिन के एक्शन प्लान के तहत दिल्ली-लखनऊ के साथ ही अहमदाबाद-मुंबई के बीच चलने वाली ट्रेन को आईआरसीटीसी के हवाले करने पर मुहर लगा दी गई है।
रेलवे बोर्ड के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (कोचिंग) ने नॉर्दर्न, नॉर्थ सेंट्रल, नॉर्थ ईस्टन रेलवे के महाप्रबंधक और आईआरसीटीसी के सीएमडी को इसके लिए लेटर जारी कर दिया है।
आईआरसीटीसी को ये ट्रेनें बतौर पायलट प्रोजेक्ट 3 साल के लिए दी गई हैं। सौदा फायदे का रहा तो समय सीमा बढ़ाई जा सकती है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का किराया भी आईआरसीटीसी ही तय करेगा। जल्द ही ग्रुप ऑफ मेंबर की बैठक में इस पर फैसला होगा।
नई दिल्ली-लखनऊ तेजस का समय भी बदला गया है। नए शेड्यूल के अनुसार, यह ट्रेन सुबह 6:10 बजे लखनऊ जंक्शन से चलेगी। रास्ते में कानपुर और गाजियाबाद स्टेशन पर ठहरेगी। दोपहर 12:25 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन नई दिल्ली से शाम 4:30 बजे चलेगी और रात 10:45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।