वाकई दिल्ली मेट्रो के रिचार्ज सॉफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी आने लगी है तो यात्रियों के लिए यह परेशानी का सबब साबित होने वाली है। दिल्ली मेट्रो के एक उपभोक्ता का दावा है कि मेट्रो ट्रेवल कार्ड को 700 रुपए से रिचार्ज करने पर एवीएम मशीन से महज 200 रुपए बैलेंस मिला है।
पीड़ित यात्री प्रकाश चंद्र के मुताबिक उन्होंने 12 जुलाई को मेट्रो ट्रेवल कार्ड में पेटीएम से 700 रुपए का रिचार्ज किया था। जब उनकी पत्नी मेट्रो स्टेशन पर लगी एवीएम मशीन पर पहुंची तो उनके कार्ड में महज 200 रुपए का बैलेंस दिखा रहा था।
पीड़ित ने इस संबंध में दिल्ली मेट्रो को ट्वीट कर शिकायत की। पीड़ित का आरोप है कि उसने मेट्रो के अलग-अलग पांच ट्वीट्र अकाउंट्स पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। लेकिन छह दिन बाद भी डीएमआरसी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
उनका आरोप है कि डीएमआरसी की ओर से आनलाइन शिकायत के लिए शुरू की गई ट्विटर की सुविधा यात्रियों को नहीं मिल रही है। डीएमआरसी के रवैये से परेशान पीड़ित ने 18 जुलाई को दोबारा ट्वीट किया।
आरोप है कि उन्होंने अपने ट्रेवल कार्ड को एवीएम मशीन पर लगाकर दोबारा रिचार्ज करने की कोशिश की लेकिन उनके कार्ड में बकाया रुपए नहीं आए।