होली पर यदि किसी महिला से छेड़छाड़ की या फब्ती कसी, तो सीधे यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज होगा। दिल्ली महिला आयोग की मांग पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने भरोसा दिलाया है कि राजधानी के विभिन्न इलाकों में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
साथ ही हेल्पलाइन नंबर 181 पर आने वाली शिकायतों को सीधे 100 नंबर पर ट्रांसफर किया जाएगा। आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के मुताबिक, होली के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार वर्मा को सोमवार को पत्र लिखा था।
पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को पत्र का जवाब भेजते हुए भरोसा दिलाया है कि दिल्लीवासी आयोग और पुलिस की सुरक्षा में होली मनाएंगे। स्पेशल टीम विभिन्न इलाकों में गश्त करेगी। डीसीपी को अलर्ट पर रखा जा रहा है।
यदि कोई पीड़ित महिला दिल्ली महिला आयोग की हेल्पलाइन 181 पर कॉल पर करती है, तो वह कॉल तुरंत 100 नंबर पर ट्रांसफर होगी और पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।