बाहरी दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक अध्यापिका की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह सोनाली गोयल (31) अपने कमरे में मृत मिली। ससुराल पक्ष का कहना है कि सोनाली ने फंदा लगाकर जान दे दी है। वहीं सोनाली के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उसकी गला घोटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम मामले की छानबीन कर रहे हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने दहेज हत्या व प्रताड़ना का मामला दर्ज कर सोनाली के पति डॉ. अंकुर गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है।
सोनाली गोयल परिवार के साथ रानीबाग इलाके में रहती थी। परिवार में पति डॉ. अंकुर गर्ग, ढाई साल का एक बेटा व अन्य सदस्य हैं। सोनाली आजादपुर में सरकारी स्कूल में टीचर थी। इसके पति मंत्रालय में डॉक्टर हैं। सोनाली का मायका मजलिस पार्क इलाके में है। जुलाई 2017 में सोनाली की अंकुर से शादी हुई थी।
दोनों की दूसरी शादी थी। मंगलवार सुबह करीब 8.50 बजे अंकुर ने सोनाली के पिता सतीश गोयल को फोन कर बताया कि सोनाली ने फंदा लगा ली है। सूचना मिलते ही सतीश अपने परिवार के साथ फौरन सोनाली की ससुराल पहुंच गए।
वहां देखा कि उनकी बेटी फर्श पर मृत पड़ी थी। ससुराल वालों के अलावा वहां पुलिस भी मौजूद थी। सतीश का आरोप है कि पंखे से बैड की ऊंचाई काफी है, उनकी बेटी वहां सुसाइड कर ही नही सकती है।
मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। सतीश ने अपने बयान में बताया कि लगातार अंकुर और उसका परिवार 35 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
सोमवार को भी उनकी बेटी ने मां के मोबाइल पर इसका जिक्र किया था। इससे पूर्व 27 दिसंबर को भाई से भी सोनाली ने यह बात बताई थी। परिजनों के बयानों के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अंकुर गर्ग को गिरफ्तार कर लिया।