तावड़ू को उपमंडल का दर्जा देने के मामले को लेकर शुक्रवार को चौरासी के ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार के माध्यम से सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। लोगों ने शीघ्र तावडू को उपमंडल का दर्जा देने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है की वर्ष 2015 में सोहना रैली में मुख्यमंत्री द्वारा मंच से की गई तावडू के उपमंडल बनाने की घोषणा के बाद भी यह मांग सिरे नहीं चढ़ पाई है। जबकि मुख्यमंत्री की घोषणा से पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा उपायुक्त मेवात को पत्र भेज तावडू को उपमंडल बनाने के संबध में प्रस्ताव भी मांगा जा चुका है।
रासी के लोगों ने सूबे के मुखिया से इस मांग को शीघ्र अमलीजामा पहनाने की मांग की है। काबिलेगौर है की तावडू क्षेत्र के 84 गांवों की आबादी डेढ़ लाख से अधिक है। खंड के अंतिम गांव की दूरी नूंह उपमंडल से करीब 32 किलोमीटर है, क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए हर रोज नूंह जाना पडता है।
नूंह घाटी में आए दिन जाम के कारण लोग समय पर अपने स्थान पर नहीं पंहुच पाते हैं। क्षेत्र में दो पुलिस चौकी, एक थाना, 12 पटवार सर्कल हैं। तावडू खंड़ रीको भिवाड़ी राजस्थान व आईएमटी रोजका मेव से भी सटा हुआ है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 919 व कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेस वे भी यहां से गुजर रहा है।