डूसू चुनाव परिणाम के बाद छात्रों ने मचाया हुड़दंग
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शुक्रवार शाम को जीते हुए प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं। इससे संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें प्रत्याशियों के समर्थक दिल्ली विश्वविद्यालय के आसपास करीब तीन घंटे तक कारों में सवार होकर हुड़दंग मचाते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया।
कुछ हुड़दंगी चलती कारों के बोनट व छत पर सवार थे, तो कुछ खिड़की से बाहर निकलकर नारेबाजी करते दिखे। वीडियो के संज्ञान में आने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हुड़दंग में शामिल कार का चालान करने का आश्वासन दिया है, जबकि स्थानीय पुलिस को इस बाबत कोई शिकायत नहीं मिली है।
ये भी पढ़ेंः डूसू के विजयी छात्र नेताः किसी को बॉडी बिल्डिंग का शौक तो किसी को राजनीति का
वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि सात कारों का काफिला मौरिस नगर व रूपनगर थाने के पास से गुजरा, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई करना उचित नहीं समझा। कारों पर छात्र संघ चुनाव से संबंधित पोस्टर लगे थे। हुड़दंगी मुखर्जी नगर चौक पर कारों को रोककर डांस कर रहे थे, जबकि पीछे का ट्रैफिक रुका हुआ था।
जीत का जश्न ऐसा था कि हुड़दंगी हाथों में बैनर लेकर कार की छत पर खड़े हो गए और जोर-जोर से नारे लगाने लगे। हुड़दंगियों ने अपनी कारों को कई जगहों रोककर हंगामा किया। फिर यू-टर्न लेकर गलत दिशा से चले गए। हंगामे के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।