दिनभर वकीलों से लेते रहे जमानत प्रक्रिया की जानकारी, न्यायिक हिरासत बढ़ने के बाद अब बुधवार की पेशी पर नजर
सचिन कुमार
नई दिल्ली। मंदिर मार्ग थाने के बाहर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थक सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई का इंतजार करते रहे। सुबह से शाम तक समर्थक थाने के दरवाजे पर जुटे रहे। इस दौरान वे वकीलों से जमानत प्रक्रिया की स्थिति और दोनों नेताओं की रिहाई की संभावना के बारे में जानकारी लेते रहे।
थाने का दरवाजा खुलने पर समर्थकों की नजरें उसी ओर टिक जातीं। वकीलों के बाहर आने पर वे उनसे सुनवाई के बारे में पूछते। कुछ समर्थक फोन के जरिये भी लगातार जानकारी जुटाते रहे। दिनभर थाने के बाहर जमानत की प्रक्रिया और अगली सुनवाई को लेकर चर्चा होती रही। हालांकि, शाम तक दोनों नेताओं की रिहाई नहीं हो सकी।
वकीलों से लेते रहे जानकारी
समर्थक सार्थक ने बताया कि वे सुबह से इस उम्मीद में थाने के बाहर मौजूद हैं कि दोनों नेताओं की रिहाई के संबंध में कोई जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि समर्थक लगातार वकीलों से संपर्क कर रहे हैं और मामले की प्रगति जानने की कोशिश कर रहे हैं। एक अन्य समर्थक किशोरी ने बताया कि जब पार्टी के नेता हिरासत में हैं, तो समर्थक उनकी रिहाई की प्रक्रिया पर नजर रखे हुए हैं। उनके मुताबिक, सभी को यह जानने की प्रतीक्षा है कि दोनों नेताओं को कब राहत मिलेगी।
हिरासत बढ़ने के बाद बुधवार का इंतजार
सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मामले में हिरासत में लिया गया था। सोमवार को दोनों को नवनियुक्त विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। पुलिस की मांग पर उनकी न्यायिक हिरासत दो दिन और बढ़ा दी गई। अब दोनों को बुधवार को फिर पेश किया जाएगा। अब उनकी नजरें बुधवार को होने वाली सुनवाई और जमानत प्रक्रिया में होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।