बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) पर आज टाटा टी-1 प्राइमा ट्रक रेसिंग सीजन-3 की चैंपियनशिप होगी। फाइनल मुकाबले के दिन पार्श्वगायिका सुनिधि चौहान और युवा दिलों की धड़कन बन चुके पंजाबी रैपर बादशाह के गीतों का जादू चलेगा।
सर्किट के ग्रैंड स्टैंड के सामने ओपन ट्रक पर दोनों कलाकार प्रस्तुति देंगे। उम्मीद है कि 40 हजार लोग रेस का लुत्फ लेने पहुंचेंगे। रेस में इस बार देसी ट्रक ड्राइवर अंतरराष्ट्रीय ट्रक ड्राइवरों से भिड़ेंगे।
बीआईसी पर शनिवार को रेस में हिस्सा लेने वाले 12 भारतीय ट्रक ड्राइवरों की घोषणा की गई। इनमें नागार्जुन, बच्चू सिंह, रबिंदर यादव, भाग चंद, राजकुमार महतो, जितेंद्र सिंह, एमडी परवेज, जगत सिंह, आनंद, मोहम्मद इलियास, मलकीत सिंह और अकरम पाशा शामिल हैं।
रेस में मोटर स्पोर्ट्स की 43 नई आधुनिक तकनीक के साथ हल्के वजन वाले ट्रक 150 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ते नजर आएंगे। रेसिंग को और दिलचस्प बनाने के लिए इस बार कई बदलाव किए गए हैं।
रेस में छह टीमें हिस्सा लेंगी, इनमें कैस्ट्रॉल वेक्टॉन (पिछले साल के विजेता), कॅमिन्स, टाटा टेक्नोलॉजी मोटर स्पोर्ट्स, टाटा मोटर्स फाइनेंस, डीलर्स वारियर्स और डीलर्स डेयरडेविल्स शामिल हैं।
टाटा मोटर्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर. रामाकृष्णन ने कहा कि सीजन-1 में ट्रक रेसिंग पेश कर इतिहास रचा था। इस बार भारतीय हुनर को मोटर स्पोर्ट्स में सामने लाकर एक और इतिहास रचा जाएगा।