हवा की चाल बढ़ने से रविवार को दिल्ली-एनसीआर के प्रदूषण में तेजी से गिरावट आई है। दिल्ली व इससे जुड़े सभी शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 24 घंटे में गंभीर से बेहद खराब स्तर पर पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को एक बार फिर हवा की चाल में कमी आएगी।
इससे प्रदूषण स्तर में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इससे पहले लगातार दो दिन तक एक्यूआई गंभीर स्तर पर रहा था। दोपहर बाद हवा की चाल 20 किमी प्रतिघंटा से ऊपर पहुंच गई। इससे प्रदूषण स्तर में कमी आई। बीते 24 घंटों में औसत भी बेहद खराब ही दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 322 रहा। वहीं, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद व गुरुग्राम का एक्यूआई 360, 352, 352, 335, 274 रहा। शुक्रवार व शनिवार को गुरुग्राम के अलावा दिल्ली-एनसीआर के दूसरे शहर गंभीर प्रदूषण की मार झेल रहे थे।
आज फिर बिगड़ सकता है एक्यूआई
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को एक बार फिर हवा की चाल में कमी आएगी। इससे दोपहर बाद एक्यूआई खराब होगा। सफर के मुताबिक, जहांगीरपुर, विनोबापुरी, जीटी रोड, साहिबाबाद सरीखे इलाके प्रदूषण के हॉट स्पॉट का काम करेंगे। यहां की हवा एक बार फिर गंभीर स्तर तक प्रदूषित हो सकती है। मंगलवार को भी हालात खराब ही रहेंगे। बुधवार व बृहस्पतिवार को एक बार फिर एक्यूआई में सुधार हो सकता है।