गर्मियों की छुट्टियां बिताने की योजना बना लोगों ने कन्फर्म टिकट के लिए अभी से बुकिंग करानी शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर धड़ल्ले से हो रही छुट्टियों की बुकिंग को देखते हुए रेलवे ने भी तैयारी शुरू कर दी है।
मंडल ने इसके लिए स्थानीय अधिकारियों को मैसेज कर अलर्ट कर दिया है। वहीं शुक्रवार को बड़ौदा हाउस रेल मंत्रालय ने बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। पहली ट्रेन दिल्ली-देहरादून एसी स्पेशल (04053/54) आठ अप्रैल से शुरू होगी।
आनंद विहार से गोरखपुर वीकली स्पेशल
रेलवे ने आनंद विहार से गोरखपुर के लिए समर स्पेशल वीकली चलाने का फैसला किया है। ट्रेन नंबर 05036 आनंद विहार से 25 जून से हर बुधवार को दोपहर एक बजे चलेगी और अगले दिन सुबह चार बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इसी तरह गोरखपुर से ट्रेन नंबर 05035 हर बृहस्पतिवार को दोपहर एक बजे चलेगी और अगले दिन आनंद विहार स्टेशन पर सुबह साढ़े 6 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन आनंद विहार से गाजियाबाद, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, बादशाहनगर, गोंडा, बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।
नई दिल्ली-पटना वीकली प्रीमियम स्पेशल
नई दिल्ली-पटना के बीच वीकली समर प्रीमियम स्पेशल ट्रेन 2 मई से 4 जुलाई केबीच 19 फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04006 प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रात 10.25 बजे चलेगी और पटना अगले दिन 3.15 बजे पहुंचेगी।
पटना ट्रेन नंबर 04005 प्रत्येक बृहस्पतिवार और शानिवार को शाम 5.15 बजे चलेगी, जो दिल्ली सुबह 9 बजे पहुंचेगी।
दिल्ली से दरभंगा के लिए स्पेशल ट्रेन
दिल्ली से दरभंगा के बीच वीकली प्रीमियर स्पेशल ट्रेन 2 मई से 4 जुलाई तक चलेगी। ट्रेन नंबर 04024 दिल्ली से मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 11.15 बजे चलेगी और दरभंगा अगले दिन सुबह 8.00 बजे पहुंचेगी।
ट्रेन नंबर 04023 दरभंगा से बुधवार और शनिवार को दोपहर 12 बजे चलेगी, जो अगले दिन दिल्ली सुबह 9.00 बजे पहुंचेगी।