- आंखों पर दबाव, नींद और डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ी, डॉक्टरों ने दी सावधानी की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। राजधानी समेत देशभर में बढ़ती गर्मी के कारण लोग धूप और लू से बचने के लिए घरों में अधिक समय बिता रहे हैं। इसका असर उनके स्क्रीन टाइम पर साफ दिखाई दे रहा है। मोबाइल, लैपटॉप और टीवी के बढ़ते उपयोग से आंखों में जलन, सिरदर्द और थकान जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जहां तेज गर्मी शरीर को प्रभावित कर रही है, वहीं लगातार स्क्रीन देखने से आंखों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। लंबे समय तक मोबाइल इस्तेमाल करने से ड्राईनेस, डिजिटल आई स्ट्रेन और नींद की समस्या आम हो गई है। साथ ही लोग पर्याप्त पानी नहीं पी रहे, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्वामी दयानंद अस्पताल के डॉ. आदर्श आजाद के अनुसार, गर्मी में स्क्रीन टाइम बढ़ने से मरीजों में आंखों की थकान, सिरदर्द और नींद से जुड़ी शिकायतें बढ़ी हैं, खासकर बच्चों और युवाओं में। अनियमित दिनचर्या और पानी की कमी से कमजोरी भी देखने को मिल रही है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि हर 20-30 मिनट में स्क्रीन से ब्रेक लें, दिन में 8-10 गिलास पानी पिएं और सोने से पहले स्क्रीन का उपयोग कम करें। आंखों को ठंडे पानी से धोना और दिनचर्या में संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है।