फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आत्महत्या का मामला: छात्रों के बयान दर्ज, स्कूल को सौंपना होगा CCTV फुटेज, नामजद शिक्षकों से होगी पूछताछ

Sat, 22 Nov 2025 04:06 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

पुलिस ने शुक्रवार को मृत छात्र के कक्षा में पढ़ने वाले चार छात्रों के बयान दर्ज किए हैं।
विज्ञापन
मामले की जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

निजी स्कूल के कक्षा दसवीं के छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को मृत छात्र के कक्षा में पढ़ने वाले चार छात्रों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही पुलिस ने स्कूल प्रशासन से घटना वाले दिन के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मुहैया करने के लिए कहा है। शुक्रवार को पुलिस ने राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस जल्द ही उन शिक्षकों से पूछताछ करेगी, जिसपर छात्र के परिजनों ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

विज्ञापन


18 नवंबर की दोपहर एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले दसवीं के छात्र ने राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म से छलांग लगाकर जान दे दी थी। अपने सुसाइड नोट में उसने कुछ शिक्षकों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। वहीं छात्र के पिता ने दर्ज प्राथमिकी में स्कूल के चार शिक्षकों को नामजद किया। पुलिस ने छात्रों से मृत छात्र के साथ स्कूल में हो रहे व्यवहार और ड्रामा क्लास में उसके साथ हुई बदसलूकी के बारे में जानकारी हासिल की है। 

पुलिस ने स्कूल प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मुहैया करने के लिए कहा है। इसके साथ ही पुलिस ने राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लिया है। ताकि घटना के समय छात्र के हावभाव के बारे में जानकारी मिल सके। मेट्रो पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस सारे साक्ष्य हासिल कर रही है और जल्द ही नामजद शिक्षकों से पूछताछ की जाएगी। 
विज्ञापन


मालूम हो कि मामले को लेकर पहले ही एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की जा चुकी है। समिति अपनी रिपोर्ट शिक्षा निदेशक वेदिता रेड्डी को देगी। समिति को विश्लेषणात्मक रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा दिया गया है। इसमें वह सुधारात्मक कदम और सिफारिशें भी देंगी।

अभिभावकों का स्कूल के बाहर दूसरे दिन भी प्रदर्शन, कड़ी कार्रवाई की मांग
निजी स्कूल के छात्र की आत्महत्या का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। लगातार दूसरे दिन यानी शुक्रवार को भी स्कूल के बाहर अभिभावकों व परिजनों ने प्रदर्शन किया। अभिभावकों व परिजनों की मांग है कि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, इस मामले को लेकर दिल्ली पैरेंट्स एसोसिएशन की ओर से शनिवार शाम को महाराष्ट्र सदन के बाहर कैंडल मार्च निकाला जाएगा। शुक्रवार को स्कूल के बाहर हुए प्रदर्शन में परिजनों व अभिभावकों की मांग रही कि आत्महत्या करने वाले छात्र को न्याय मिलना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सभी के हाथों में बैनर व पोस्टर व मोमबत्तियां थीं।

अभिभावक नामजद शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल एक अभिभावक ने कहा कि बच्चे की आत्महत्या पर सब मौन है। इस मामले पर स्कूल ने कड़ी कार्रवाई नहीं की। केवल शिक्षकों का निलंबन कर दिया, जो कि नाकाफी है। एक अन्य अभिभावक ने कहा कि बच्चा इतने लंबे समय से परेशान था, उसकी मदद करने की बजाय स्कूल ने उसे अनदेखा किया। वहीं जयपुर के एक निजी स्कूल में बुलिंग से परेशान नौ वर्षीय छात्रा ने स्कूल की चौथी मंजिल से छंलाग लगा दी थी। इस घटना पर सीबीएसई ने बृहस्पतिवार को स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 

बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर दिया जाएगा ध्यान : सूद
निजी स्कूल के दसवीं के छात्र की आत्महत्या मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि स्कूलों में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाएगा। यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी घटना दुबारा न हो। यह देखा जाएगा कि सीबीएसई की ओर से तय मेंटल हेल्थ स्टैंडर्ड स्कूलों में ठीक से लागू हो रहे हैं या नहीं। सरकार मेंटल हेल्थ फ्रेमवर्क को लेकर स्कूलों का सहयोग भी करेगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें