सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन ट्रैफिक पुलिस के एक एएसआई ने सेक्टर चार-सात चौक पर रिक्शा चालक की जमकर पिटाई की। उसकी गलती इतनी थी कि मुख्यमंत्री के काफिले के इंतजार में बंद पड़े रूट पर रिक्शा घुसा दिया।
‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने घायल चालक को सिविल अस्पताल में पहुंचाया। सेक्टर चार सात चौक पर बिहार का रहने वाला संजय साहू अपना रिक्शा लेकर सड़क पर आ गया। उस पर दो सवारी बैठी थी। बताते हैं ट्रैफिक पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रूट बंद कर रखा था।
इसे भी पढ़ें: केजरीवाल पर गरजे मोदी, क्या-क्या कहा?
जबकि उस पर बैठी सवारी ने उसे रिक्शा निकाल लेने के लिए जोर दिया। वहां पर तैनात ट्रैफिक एएसआई पर आरोप है कि उसने डंडे से रिक्शा चालक की गंभीर रूप से पिटाई कर दी। वहां पर खड़े लोगों ने इसका विरोध भी किया। पुलिस की ओर से रिक्शा चालक की पिटाई की खबर किसी ने आप पार्टी के कार्यालय में दी।
इसके बाद उसके कार्यकर्ता मौके पर पहुंच कर चालक को ले जाकर सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपी एएसआई को बर्खास्त करने की मांग भी की। पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है।
उन्होंने इस तरह की वारदात होने की सूचना के बाद एसीपी ट्रैफिक विष्णु दयाल को पूरे मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया है।