सूबे का सबसे आधुनिक अग्निशमन विभाग नोएडा में होगा। उत्तर प्रदेश में सबसे हाइटेक और लंबा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म शहर के अग्निशमन विभाग को मिलने जा रहा है।
फिलहाल प्रदेश में 42 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म है। नए साल पर शहर के अग्निशमन विभाग को मिलने वाले नए 104 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से 35 मंजिला इमारत में लगी आग पर काबू पाया जा सकेगा।
हाइराइज बिल्डिंग और अपार्टमेंट में आग पर काबू पाने के लिए फिलहाल नोएडा फायर विभाग के पास व्यापक इंतजाम नहीं है। वहीं, भूकंप आ जाने पर आगर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के भी हाइटेक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मौजूद नहीं है जिससे सुरक्षित लोगों को अपार्टमेंट से बाहर निकाला जा सके।
फिलहाल 18 मंजिला अपार्टमेंट यहां पर बने हैं जहां लोग रह रहे हैं। ऐसे में अगर इन अपार्टमेंट में आग लग जाए तो वहां पर आग पर काबू पाने में फायरकर्मियों को एड़ी चोटी एक कर देनी होगी।